आईजी रामगोपाल गर्ग का वार्षिक निरीक्षण, पुलिसिंग में संवेदनशीलता और अपराध पर सख्ती के निर्देश …


जांजगीर-चांपा। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग IPS ने मंगलवार को जांजगीर-चांपा पुलिस लाइन एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया। पुलिस लाइन में परेड की सलामी लेने के बाद उन्होंने पुलिसकर्मियों के टर्नआउट, अनुशासन और परेड का निरीक्षण किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
पुलिस दरबार में सुनी जवानों की समस्याएं – परेड के बाद आयोजित पुलिस दरबार में आईजी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि थाने और चौकी में आने वाले पीड़ितों एवं शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का उचित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित हो। अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ जुआ-सट्टा और अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

वाहन, स्टोर और आर्म्स शाखा का किया निरीक्षण – आईजी ने रक्षित केंद्र की वाहन, स्टोर एवं आर्म्स शाखा का भी निरीक्षण किया। वाहनों और दस्तावेजों की जांच के साथ स्टोर सामग्री के व्यवस्थित रखरखाव तथा हथियारों की सुरक्षित व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए। एसपी कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में सेवा पुस्तिका, पेंशन, अनुकम्पा नियुक्ति, बजट, न्यायालयीन मामलों सहित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
अग्निवीर अभ्यर्थियों से मिले, फिटनेस पर दिया जोर – निरीक्षण के बाद आईजी रामगोपाल गर्ग ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से मुलाकात की। उन्होंने अभ्यर्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए नियमित अध्ययन, मेहनत और अनुशासन के साथ तैयारी करने तथा पौष्टिक खान-पान एवं शारीरिक फिटनेस पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

पुलिस जिम और यातायात भवन का शुभारंभ – पुलिस लाइन जांजगीर में नवीन पुलिस जिम का शुभारंभ किया गया। साथ ही यातायात शाखा के जीर्णोद्धार किए गए भवन का उद्घाटन हुआ। आईजी ने पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
राहवीर, मितान और महिला कमांडो सम्मानित – ड्रीम पाइंट होटल जांजगीर में आयोजित सम्मान समारोह में जिले के राहवीर, सड़क सुरक्षा मितान, पुलिस बूथ मितान एवं महिला कमांडो को सम्मानित किया गया। आईजी ने राहवीर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को ₹25 हजार तक की प्रोत्साहन राशि दिए जाने का प्रावधान है।

थाना चांपा में सख्त निर्देश – आईजी ने थाना चांपा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाना प्रभारी को असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखने, जुआ-सट्टा एवं अवैध शराब पर प्रभावी अंकुश लगाने, पुराने लंबित प्रकरणों और शिकायतों का शीघ्र निराकरण करने तथा सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार सहित जिले के राजपत्रित अधिकारी एवं थाना-चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।



