बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की स्मृति समारोह स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद परिवारों के योगदान को याद करने का अवसर – विधायक ब्यास …


जांजगीर-चांपा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं संविधान निर्मात्री सभा के पूर्णकालिक सदस्य बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की पुण्य स्मृति में दो दिवसीय स्मृति समारोह का सी-मार्ट परिसर (कचहरी चौक) जांजगीर एवं कृषि विज्ञान केन्द्र जर्वे (च) में आयोजन किया जा रहा है। आज सी-मार्ट परिसर (कचहरी चौक) जांजगीर में स्मृति समारोह के शुभारंभ के अवसर पर विधायक जांजगीर-चांपा ब्यास कश्यप, विधायक अकलतरा राघवेन्द्र कुमार सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल के सुपुत्र विजय प्रताप सिंह, सुपुत्री श्रीमती रत्नावली सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवा गढ़ेवाल, नगर पालिक उपाध्यक्ष मोहन यादव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष भगवान दास गढ़ेवाल, देवेश सिंह, पुष्पेन्द्र प्रताप सिंह, परस शर्मा, रवि सिसोदिया, आशुतोष गोस्वामी, मनीषा गोपाल, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम सहित पार्षदगण, विभिन्न जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकजनों ने बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की प्रतिमा में दीप प्रज्वलन कर पुष्पांजलि अर्पित की।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार, शहीद परिवार के परिजनों एवं बैरिस्टर ठा. छेदीलाल के परिवारजनों को सम्मानित किया गया। इसके साथ विभिन्न विधाओं में प्रतिभा के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, किसानों और नागरिकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कायक्रम की प्रस्तुति दी गई।
समारोह में विधायक जांजगीर-चांपा ब्यास कश्यप ने कहा कि हम सभी हर वर्ष स्मृति समारोह के माध्यम से बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल जी को याद करते हैं। उन्होंने बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल द्वारा स्वंतत्रता एवं समाज मे दिये गये योगदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से अपने क्षेत्र के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान देने वाले महापुरुषों को याद किया जाता है। विधायक ब्यास कश्यप ने विशेष रूप से क्षेत्र के शहीद परिवारों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी में महापुरूषों का त्याग, संघर्ष और समर्पण जुड़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा क्षेत्र की अनेक स्थानीय संस्थाओं, नगर पालिका और पंचायत स्तर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा शहीदों की स्मृति को जीवित रखने के लिए उनकी प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। यह आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास और स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम, संविधान निर्माण और अपने क्षेत्र के महापुरुषों के योगदान की जानकारी मिलनी चाहिए।

बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल स्मृति समारोह में विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व को स्मरण करना और उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। ठाकुर छेदीलाल केवल स्वतंत्रता आंदोलन के एक सेनानी नहीं थे, बल्कि वे ऐसे विचारशील नेता थे, जिनकी सलाह और मार्गदर्शन को गंभीरता से सुना जाता था और जिनसे विचार-विमर्श करके स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी नीतियों और रणनीतियों को दिशा मिलती थी। यह उनके राजनीतिक और सामाजिक कद को बताने के लिए पर्याप्त है। स्वतंत्रता आंदोलन के दौर में भी हमारे महापुरुषों ने यह समझा था कि यदि समाज के अंतिम व्यक्ति तक राष्ट्र और स्वतंत्रता का संदेश पहुंचाना है, तो उसे हमारी लोक परंपराओं, संस्कृति और सामाजिक आयोजनों से जोड़ना होगा। इसी विचारधारा को आगे बढ़ाने वालों में ठाकुर छेदीलाल जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने समाज में जागरूकता लाने, लोगों को एकजुट करने और समानता के भाव के साथ सबको साथ लेकर चलने का कार्य किया।आज जब हम संविधान की बात करते हैं, तो हमें यह भी याद रखना चाहिए कि संविधान सभा का सदस्य होना अपने आप में कितनी बड़ी ऐतिहासिक जिम्मेदारी थी। उस दौर में देश के भविष्य की दिशा और हमारे लोकतंत्र की नींव तय की जा रही थी। उस महत्वपूर्ण संविधान सभा में हमारे क्षेत्र की आवाज के रूप में ठाकुर छेदीलाल जी का उपस्थित होना पूरे जांजगीर-चांपा क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने केवल अपने समय के लिए काम नहीं किया, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक ऐसी विचारधारा छोड़ी, जिसमें स्वतंत्रता, समानता, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का भाव दिखाई देता है।



