चांपा पहुंचे उपमुख्यमंत्री अरुण साव, कार्तिकेश्वर स्वर्णकार के निवास पर हुई आत्मीय मुलाकात …


चांपा। छत्तीसगढ़ के नगरीय प्रशासन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान चांपा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सदर बाजार स्थित भाजपा व्यवसायी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एवं भारत स्काउट एवं गाइड के प्रदेश उपाध्यक्ष कार्तिकेश्वर स्वर्णकार के निज निवास पर पहुंचकर मुलाकात की। इस अवसर पर राजनीतिक एवं सामाजिक विषयों पर चर्चा के साथ पुराने राजनीतिक सफर की यादें भी ताजा हुईं।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव के साथ सांसद कमलेश जांगड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता मिरी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, इंजीनियर रवि पांडेय, अमर सुल्तानिया, सलीम मेमन, प्रशान्त सिंह, जितेंद्र देवांगन, आशुतोष सोनी, धनेश्वरी जागृति सहित भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

1990 से साथ काम करने की यादें हुईं ताजा – मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव और कार्तिकेश्वर स्वर्णकार ने अपने लंबे राजनीतिक सफर से जुड़े संस्मरण साझा किए। बताया गया कि दोनों ने वर्ष 1990 के आसपास से संगठन में साथ काम किया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, युवा मोर्चा और भारतीय जनता पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों में दोनों ने लंबे समय तक साथ काम किया। पुराने राजनीतिक दौर की चर्चा के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और उस समय के अनुभवों को लेकर भी बातचीत हुई। इस दौरान माहौल आत्मीय रहा और पुराने साथियों के बीच राजनीतिक सफर की यादें ताजा हुईं।
चांपा के विकास पर विशेष ध्यान देने का आग्रह – मुलाकात के दौरान कार्तिकेश्वर स्वर्णकार ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव के समक्ष चांपा शहर के विकास से जुड़े विषयों को रखते हुए नगर के विकास पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने शहर की आवश्यकताओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग रखी।
इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने चांपा के विकास को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान स्थानीय विकास एवं नगर से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।



