

चांपा। म्यूल बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में पूर्व में एक महिला समेत दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन के लालच में अपने नाम से बैंक खाते खुलवाकर उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से प्राप्त रकम के लेन-देन के लिए किया गया। समन्वय पोर्टल से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंकिंग ट्रांजेक्शन की गहन जांच की। जांच में करीब 18 लाख 17 हजार 216 रुपए की ठगी की राशि आरोपियों द्वारा उपलब्ध कराए गए म्यूल खातों में ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मामले में फरार आरोपी शुभम भारद्वाज (22), निवासी छोटेकोट, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार म्यूल अकाउंट वह बैंक खाता है, जिसे कोई व्यक्ति कमीशन या लालच में साइबर अपराधियों को इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराता है। ऐसे खातों के माध्यम से ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किया जाता है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह एवं थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



