

जांजगीर-चांपा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ग्राम पंचायत कुरदा में ग्राम सभा, पोषण मिलन उत्सव एवं स्वच्छ भारत दिवस का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को स्वच्छता, पोषण और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
जिला युवा अधिकारी सुश्री प्रतिष्ठा माथुर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम की जिम्मेदारी मेरा युवा भारत की स्वयंसेविका सुमन महंत को सौंपी गई। कार्यक्रम में ग्राम सभा की बैठक के दौरान स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं पोषण मिलन उत्सव के उद्देश्यों पर विशेष चर्चा की गई। ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला एवं रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सचिव, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य (कुरदा एवं महुदा), आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, ग्राम के गणमान्य नागरिक, महिलाएं एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने गांव में स्वच्छता बनाए रखने, पोषण के प्रति जागरूक रहने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का संकल्प लिया।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीण सहभागिता, स्वच्छता, पोषण और जनजागरूकता को एक मंच पर लाने का संदेश दिया।



