

जांजगीर-चांपा। गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोले जाने और जिले में लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने महानदी के तटीय क्षेत्रों में फील्ड निरीक्षण कर वर्तमान जलस्तर एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर-एसपी सभी संबंधित अधिकारियों से लगातार फीडबैक ले रहे हैं तथा स्थिति के अनुसार आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को अलर्ट रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व, पुलिस, जल संसाधन, नगर सेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को नदी के जलस्तर एवं तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर सतत निगरानी रखने तथा आवश्यक संसाधन एवं बचाव उपकरण तैयार रखने के निर्देश दिए। जिले में बाढ़ एवं आपदा राहत कार्यों के लिए होमगार्ड सैनिकों की जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) की दो टीमें तैयार रखी गई हैं। उपलब्ध जवानों की एक टीम को मोटर बोट एवं अन्य आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ शिवरीनारायण में तैनात किया गया है, जबकि दूसरी टीम को जिला मुख्यालय में रिजर्व रखा गया है। साथ ही एसडीआरएफ बिलासपुर से लगातार संपर्क एवं समन्वय बनाए रखा जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर-एसपी ने शिवरीनारायण क्षेत्र में महानदी के शिवरीनारायणबैराज,घाट,पुल,सांस्कृतिक भवन,बसंतपुर बैराज सहित संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। घाट एवं पुल पर सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेडिंग की गई है तथा आवश्यक संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों को इन स्थानों पर लगातार निगरानी रखने तथा नदी के जलस्तर एवं बहाव की स्थिति के अनुसार आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर-एसपी ने नदी पर स्थित पुल-पुलियों एवं आवागमन वाले क्षेत्रों की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि पुल पर पानी का बहाव आवागमन के लिए जोखिमपूर्ण होने की स्थिति में तत्काल यातायात नियंत्रित किया जाए तथा आवश्यकतानुसार आवागमन रोका जाए। ऐसे स्थानों पर सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने महानदी के तटीय एवं पूर्व में जलभराव वाले आबादी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को संभावित जलभराव एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी देने के निर्देश दिए। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए चिन्हांकित सुरक्षित स्थानों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने कहा। कलेक्टर-एसपी ने नागरिकों से अपील की कि नदी, पुल एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं तथा तेज बहाव वाले पानी में सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम न उठाएं। प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। किसी भी आकस्मिक अथवा आपात स्थिति की जानकारी तत्काल जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय पर आवश्यक राहत एवं बचाव कार्रवाई की जा सके।
वर्तमान में जिले में स्थिति सामान्य है। प्रशासन द्वारा एहतियात के तौर पर महानदी के तटीय क्षेत्रों, पुल-पुलियों एवं जलस्तर की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर एवं एसपी ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



