Uncategorized

अग्निवीर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं को एसपी ने दिया साइबर सुरक्षा का पाठ …

IMG 20261001 WA0066 Console Corptech

जांजगीर-चांपा।  अग्निवीर बनने का सपना लेकर दिन-रात मेहनत कर रहे युवाओं को अब साइबर अपराधों से भी सतर्क रहने का संदेश दिया जा रहा है। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार 1 अक्टूबर को पुलिस लाइन जांजगीर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे जिले के युवाओं को साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए।कार्यक्रम में एएसपी जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ठगी से रहें सावधान – एसपी ने युवाओं को विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर की जाने वाली साइबर ठगी के प्रति आगाह किया। उन्होंने बताया कि कोई भी पुलिस अधिकारी या सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती। ऐसे फोन कॉल आने पर घबराने या किसी के दबाव में पैसे ट्रांसफर करने के बजाय सतर्कता बरतनी चाहिए। युवाओं को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध वेबसाइट और मोबाइल एप से बचने तथा OTP, PIN, CVV, पासवर्ड और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। सोशल मीडिया का उपयोग करते समय भी व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता बनाए रखने पर जोर दिया गया।

IMG 20261001 WA0065 Console Corptech

साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर करें शिकायत – पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बनाते हैं। अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर करना या बैंकिंग जानकारी साझा करना भारी पड़ सकता है। यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

अग्निवीर बनने के लिए मेहनत, फिटनेस और अनुशासन जरूरी –  साइबर जागरूकता के साथ एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने युवाओं का उत्साह भी बढ़ाया। उन्होंने कहा कि अग्निवीर भर्ती में सफलता पाने के लिए लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मेहनत करना जरूरी है। युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनने के साथ संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम और अनुशासित दिनचर्या अपनाने की सलाह दी।
उन्होंने विशेष रूप से दौड़, शारीरिक अभ्यास और अन्य जरूरी फिटनेस गतिविधियों को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस ने युवाओं को संदेश दिया कि देशसेवा की तैयारी के साथ डिजिटल दुनिया में भी जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनना जरूरी है।

Related Articles