

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना बम्हनीडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।


थाना बम्हनीडीह पुलिस द्वारा ग्राम खपरीडीह स्थित रेत घाट क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए रेत से भरे दो हाईवा वाहनों को पकड़ा गया। दोनों वाहनों को मौके पर ही जप्त कर लिया गया है। प्रकरण में संबंधित वाहन चालकों एवं मालिकों के विरुद्ध गौण खनिज अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत इस्तगाशा तैयार कर विधिसम्मत कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।









