
चांपा। दीपावली के पावन पर्व पर खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के जीवन में उजाला लाने की भावना के साथ चांपा पुलिस ने सराहनीय पहल की। एसडीओपी लोकेश बंसल एवं थाना प्रभारी कमलेश शेंडे मेहंदीपारा पहुंचे और वहां रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के बीच मिठाई तथा बच्चों को पटाखों का वितरण किया।

पुलिस अधिकारियों को अपने बीच पाकर मोहल्लेवासियों में उत्साह देखने को मिला। मिठाई और पटाखे पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान अधिकारियों को जानकारी मिली कि मोहल्ले के एक बच्चे का जन्मदिन भी है। इस पर बच्चे के लिए नए कपड़े और केक मंगवाया गया तथा सभी की मौजूदगी में उसका जन्मदिन मनाया गया। अचानक मिली इस खुशी से बच्चे के साथ ही पूरे मोहल्ले का माहौल खुशनुमा हो गया। एसडीओपी लोकेश बंसल ने कहा कि जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर खुशियां बांटने से आत्मिक संतुष्टि मिलती है और बच्चों के चेहरे की मुस्कान त्योहार की खुशी को और बढ़ा देती है।
थाना प्रभारी कमलेश शेंडे ने कहा कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में सहभागी बनना भी उनकी जिम्मेदारी है। दीपावली के अवसर पर चांपा पुलिस की इस पहल ने सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदना का संदेश दिया।


