चांपा में आधी रात टेंट हाउस गोदाम में भीषण आग, 25 लाख का सामान जलकर राख, नगर में दमकल नहीं होने पर उठे सवाल …






घटना के वक्त तहसीलदार व पुलिस मौजूद, नगर में फायर ब्रिगेड नहीं होना बना मुद्दा। हर आगजनी में बाहर से बुलानी पड़ती है दमकल, नागरिकों में रोष…


चांपा। शहर के वार्ड क्रमांक 4 स्थित बड़े मठ मंदिर के पीछे पाठक टेंट हाउस के गोदाम में देर रात करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि दूर-दूर तक दिखाई दीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।


पाठक टेंट हाउस के संचालक योगेश पाठक ने आरोप लगाया कि आग असामाजिक तत्वों द्वारा फटाखे फोड़ने से लगी है। उनका कहना है कि इस आगजनी में गोदाम में रखा करीब 25 लाख रुपये का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। इसमें नए परदे, डिनर सेट, प्लेट, महंगे सोफा, डिजाइनर कॉस्मेटिक आइटम, लाइटें और कुर्सियां सहित टेंट हाउस से जुड़ा अन्य साजो-सामान शामिल है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। आग लगते ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू की, लेकिन आग तेजी से फैलती गई। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और दमकल को मौके पर बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल को दोबारा बुलाना पड़ा। इस दौरान प्रशांत पटेल मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्यों का जायजा लिया। चांपा थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के समय वार्ड पार्षद टीकम कंसारी, स्थानीय निवासी तथा प्लांट से आए दमकल कर्मियों का सहयोग सराहनीय रहा।
नगर में दमकल नहीं होना बना चर्चा का विषय – इस घटना के बाद शहर में एक बड़ा सवाल फिर से खड़ा हो गया है कि चांपा नगर पालिका क्षेत्र में एक भी दमकल वाहन उपलब्ध नहीं है। नागरिकों का कहना है कि हर आगजनी की घटना में बाहर से दमकल बुलानी पड़ती है, जिससे समय पर मदद नहीं मिल पाती और नुकसान बढ़ जाता है। बीती रात की घटना को लेकर नगरवासियों में रोष और निराशा है। लोग इसे नगर के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पालिका की व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। वहीं, नागरिकों ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए चांपा में स्थायी दमकल व्यवस्था की मांग तेज कर दी है।






