



चांपा। गौ सेवा सम्मान अभियान के आह्वान पर चांपा नगर में गौ सेवकों द्वारा एक शांतिपूर्ण रैली का आयोजन किया गया। रैली परशुराम चौक से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए तहसील कार्यालय पहुंची। रैली में बड़ी संख्या में गौ सेवक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए, जिन्होंने गौ संरक्षण के समर्थन में नारे लगाए और जन-जागरूकता का संदेश दिया।



रैली के पश्चात गौ सेवकों के प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में देशभर में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने की मांग की गई। गौ सेवकों ने बताया कि यह अभियान केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश में एक साथ चलाया जा रहा है, ताकि सरकार तक जनभावनाएं स्पष्ट रूप से पहुंच सकें।
ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम से सौंपा गया। गौ सेवकों ने प्रशासन से अपील की कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए गौ संरक्षण के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं। कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।



इस अवसर पर परशुराम चौक पर श्री सिद्धि विनायक समिति चांपा के सदस्यों द्वारा रैली में शामिल सभी गौ सेवकों का स्वागत किया गया। समिति की ओर से उपस्थित लोगों को लीची जूस पिलाया गया तथा गौ संरक्षण की मांग का समर्थन करते हुए आयोजन में सहभागिता निभाई गई। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने के संकल्प के साथ रैली का समापन किया।








