

चांपा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने गुरुवार 1 अक्टूबर को चांपा-रायगढ़ रेलखंड का संरक्षा निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चांपा स्टेशन पहुंचने पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव सहित भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने महाप्रबंधक से मुलाकात कर चांपा रेलवे स्टेशन एवं आसपास की यात्री सुविधाओं, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दे प्रमुखता से रखे।इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष संतोष थवाईत,सलीम मेमन,मंगल चंद देवांगन, योगेश अग्रवाल, पार्षद महेन्द्र तिवारी उपस्थित थे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि चांपा रेलवे स्टेशन ए-श्रेणी का महत्वपूर्ण जंक्शन है और सक्ती, जांजगीर-चांपा एवं कोरबा जिले के यात्रियों के लिए प्रमुख रेल केंद्र है। इसके बावजूद यात्रियों को कई महत्वपूर्ण सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ता है। इस दौरान यात्री सुविधाओं के विस्तार के संबंध में महाप्रबंधक को मांगपत्र भी सौंपा गया।
गीतांजलि एक्सप्रेस के स्टॉपेज की मांग – मांगपत्र में 12859/12860 गीतांजलि एक्सप्रेस का चांपा स्टेशन पर स्टॉपेज देने की मांग प्रमुखता से रखी गई। बताया गया कि ट्रेन के स्टॉपेज का प्रस्ताव पहले ही रेलवे बोर्ड को भेजा जा चुका है और मामला विचाराधीन है। प्रतिनिधियों ने महाप्रबंधक से रेलवे बोर्ड के समक्ष पुनः आग्रह कर चांपा में स्टॉपेज दिलाने की मांग की।
वंदे भारत का विस्तार और नई ट्रेनों की मांग – प्रतिनिधियों ने नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन रायगढ़ अथवा कोरबा तक बढ़ाने का सुझाव दिया। इसके अलावा कोरबा-हावड़ा और कोरबा-मुंबई के बीच नई ट्रेन शुरू करने तथा बिलासपुर-इंदौर ट्रेन को कोरबा से प्रारंभ करने की मांग भी रखी गई। प्रतिनिधियों का कहना है कि इन ट्रेनों से कोरबा सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिल सकेगी।

स्टेशन के बाहर शौचालय और ओवरब्रिज के नीचे सौंदर्यीकरण – मुलाकात के दौरान स्टेशन परिसर के बाहर सार्वजनिक शौचालय निर्माण की मांग भी रखी गई। प्रतिनिधियों ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चांपा स्टेशन का विकास एवं सौंदर्यीकरण किया गया है, लेकिन यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन के बाहरी परिसर में शौचालय की आवश्यकता बनी हुई है।
इसके साथ ही स्टेशन के बाहर मुख्य मार्ग स्थित ओवरब्रिज के नीचे सफाई एवं सौंदर्यीकरण कराने की मांग की गई। बताया गया कि इस क्षेत्र का व्यवस्थित विकास होने से अवैध अतिक्रमण पर भी रोक लगाने में मदद मिलेगी।
महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने रेलवे परिसर में व्याप्त गंदगी और साफ-सफाई की स्थिति का मुद्दा भी उठाते हुए नियमित स्वच्छता व्यवस्था तथा सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।



